पीएम स्वनिधि योजना के 6 वर्ष पूर्ण होने पर बेलहरा में लगा लोक कल्याण मेला

बाराबंकी - बेलहरा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के सफलतापूर्वक छह वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर गुरुवार को नगर पंचायत बेलहरा कार्यालय परिसर में विशेष लोक कल्याण मेले का आयोजन किया गया। अधिशासी अधिकारी राजेश चौधरी के नेतृत्व में आयोजित इस मेले में पथ विक्रेताओं,रेहड़ी-पटरी संचालकों एवं फेरीवालों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर लाभान्वित किया गया। यह आयोजन शासन द्वारा 1 जून से 30 जून तक चलाए जा रहे लोक कल्याण मेला अभियान के तहत किया गया। मेले का उद्देश्य छोटे दुकानदारों एवं पथ विक्रेताओं को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से जोड़कर उनकी आजीविका को मजबूत बनाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। मेले में अधिकारियों ने पथ विक्रेताओं को पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत उपलब्ध ऋण सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। बताया गया कि योजना के तहत प्रथम चरण में 15 हजार, द्वितीय चरण में 25 हजार तथा तृतीय चरण में 50 हजार तक का ऋण उपलब्ध कराया जाता है। लाभार्थियों को ऋण प्राप्त कर अपने व्यवसाय का विस्तार करने के लिए प्रेरित किया गया।

इस दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन कर लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। साथ ही वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन एवं दिव्यांग पेंशन जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को आवेदन एवं लाभ प्राप्त करने संबंधी जानकारी और सहायता भी प्रदान की गई। अधिशासी अधिकारी राजेश चौधरी ने कहा कि सरकार की मंशा है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। लोक कल्याण मेले के माध्यम से लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न योजनाओं की जानकारी और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे आमजन को काफी सहूलियत मिल रही है। मेले में नगर पंचायत कर्मियों, संबंधित विभागों के अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और पथ विक्रेताओं ने भाग लिया।

रिपोर्टर - नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.