बाइकों की आमने-सामने टक्कर में तीन घायल, लेखपाल की हालत गंभीर, लोहिया अस्पताल रेफर
सिरौलीगौसपुर/बाराबंकी : तहसील सिरौलीगौसपुर क्षेत्र के खोर-एत्मादपुर मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में लेखपाल समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तहसील कर्मचारियों और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से संयुक्त चिकित्सालय सिरौलीगौसपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद लेखपाल की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया।जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में लेखपाल राकेश चन्द्र सैनी (45 वर्ष), पेशकार रोहित (40 वर्ष) तथा दूसरी बाइक के चालक गोपी (30 वर्ष) घायल हो गए। संयुक्त चिकित्सालय सिरौलीगौसपुर की इमरजेंसी में मौजूद चिकित्सक डॉ. हसन सलीम, अधीक्षक डॉ. इकबाल एवं सर्जन डॉ. धीरेन्द्र पटेल ने तीनों का प्राथमिक उपचार किया।चिकित्सकों ने राकेश चन्द्र सैनी की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें पहले जिला अस्पताल रेफर किया। जहां से बेहतर उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल, लखनऊ भेज दिया गया। वहीं गोपी पुत्र शत्रोहन निवासी थानाडीह का उपचार संयुक्त चिकित्सालय में चल रहा है, जबकि रोहित को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में तहसील कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। इस दौरान बार एसोसिएशन सिरौलीगौसपुर के अध्यक्ष काशी प्रसाद द्विवेदी समेत पूणेन्द्र सिंह, वंशराज, रोहित शर्मा, अमित कुमार रावत और अमन वाल्मीकि सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे। दुर्घटना के बाद गंभीर रूप से घायल लेखपाल को रेफर किए जाने के बावजूद करीब दो घंटे तक 108 एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी।परिजनों और पत्रकारों द्वारा संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करने के बाद 108 के स्थान पर 102 एम्बुलेंस की व्यवस्था हो सकी।इस घटना ने ग्रामीण क्षेत्रों में एम्बुलेंस सेवाओं की उपलब्धता और व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्टर : नफीस अहमद
No Previous Comments found.