अधिवक्ता से मारपीट, रेस्टोरेंट मालिक समेत कई लोगों पर मुकदमा दर्ज
बाराबंकी - सिरौलीगौसपुर कोतवाली क्षेत्र के कस्बा बदोसरांय में एक अधिवक्ता के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बदोसराय पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार अमरा देवी निवासी अधिवक्ता सुनील कुमार अवस्थी ने कोतवाली बदोसरांय में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि कस्बे के बालाजी रेस्टोरेंट के मालिक अरविंद सोनी पुत्र कुंदन लाल अपने 8-10 साथियों के साथ विकास मौर्या की दुकान पर वाहन बनवाने के लिए बैठे थे। इसी दौरान सभी ने उन पर अचानक हमला कर दिया और मारपीट की जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने मारपीट के दौरान गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। प्रभारी निरीक्षक राम अवतार सरोज ने बताया कि अधिवक्ता की तहरीर के आधार पर मारपीट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर - नफीस अहमद
No Previous Comments found.