मोबाइल देखते समय लघुशंका को गया किशोर, जहरीले सांप के डंसने से हुई मौत

बाराबंकी - सिरौलीगौसपुर कोतवाली बदोसराय क्षेत्र के पासिनपुरवा मजरे शेषपुर टुटरु गांव में जहरीले सांप के डंसने से 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।जानकारी के अनुसार, गांव निवासी जैसीराम का 14 वर्षीय पुत्र राज सोमवार रात घर के मड़हे में बैठकर मोबाइल देख रहा था। इसी दौरान वह लघुशंका के लिए घर के पास स्थित बाग में गया, जहां घात लगाए बैठे जहरीले सांप ने उसे डंस लिया। घटना के समय परिजन खेत में काम कर रहे थे। परिजनों को जानकारी होने पर वे आनन-फानन में राज को संयुक्त चिकित्सालय सिरौलीगौसपुर ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि परिजन उसे जिला अस्पताल ले जाने के बजाय वापस घर ले आए, जहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर बदोसराय पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर परिजनों को सौंप दिया। किशोर की असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

रिपोर्टर - नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.