प्रा0विद्यालय जगसेंडा में वन महोत्सव 2026 के अवसर पर पौधरोपण कर किया गया जनजागरूकता कार्यक्रम
फतेहपुर/बाराबंकी : गुरुवार को वन महोत्सव-2026 के अवसर पर फतेहपुर रेंज के प्राथमिक विद्यालय जगसेण्डा में भव्य पौधरोपण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने और नई पीढ़ी को प्रकृति के प्रति जिम्मेदार बनाने का संदेश देना रहा। विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए और उपस्थित लोगों ने उनकी नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अनिल कुमार वर्मा, क्षेत्रीय वन अधिकारी फतेहपुर मोहम्मद जहीर मिर्जा, प्रधानाध्यापक विद्या सागर, ग्राम प्रधान सिराजुद्दीन सहित वन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने पौधरोपण करते हुए लोगों से अपने घर, विद्यालय और सार्वजनिक स्थानों पर अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उन्हें संरक्षित रखने की अपील की।
क्षेत्रीय वन अधिकारी मोहम्मद जहीर मिर्जा ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपायों में से एक है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल करना भी उतना ही आवश्यक है, ताकि वे बड़े होकर पर्यावरण संरक्षण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। उन्होंने बच्चों से भी अपने जन्मदिन, त्योहारों और अन्य विशेष अवसरों पर पौधे लगाने का आह्वान किया।
ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अनिल कुमार वर्मा ने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन के आधार हैं। वृक्ष हमें शुद्ध वायु, छाया, फल, औषधियां और प्राकृतिक संतुलन प्रदान करते हैं। यदि प्रत्येक नागरिक हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी ले, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण तैयार किया जा सकता है।
वन महोत्सव के अंतर्गत विद्यालय के छात्र-छात्राओं के बीच चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण, जल बचाओ, वृक्ष लगाओ और हरियाली बढ़ाओ जैसे विषयों पर आकर्षक चित्र बनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अतिथियों ने बच्चों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए उन्हें पर्यावरण का सच्चा प्रहरी बनने के लिए प्रेरित किया।
इसके साथ ही "आम बहार, आपके द्वार" कार्यक्रम के तहत आम भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के बच्चों, शिक्षकों, अभिभावकों तथा उपस्थित ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को फलों से भरपूर पौधे लगाने और हरियाली बढ़ाने के लिए भी प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर उप क्षेत्रीय वन अधिकारी जितेंद्र कुमार, वन दरोगा मुनेश्वर प्रसाद, वन दरोगा रविन्द्र कुमार, बीट प्रभारी विकास सिंह, बीट प्रभारी शैलेन्द्र कुमार सिंह सहित वन विभाग का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए संदेश दिया कि "एक पेड़ मां के नाम, एक पेड़ आने वाली पीढ़ी के नाम" जैसी सोच को जन-जन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। अधिकारियों ने कहा कि वन महोत्सव केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी निभाने का सामूहिक संकल्प है, जिसे जनभागीदारी से ही सफल बनाया जा सकता है।
रिपोर्टर : नफीस अहमद
No Previous Comments found.