करोरा चौराहे पर दो बाइकों की भिड़ंत, महिला की मौत दो युवक घायल
बाराबंकी - सिरौलीगौसपुर बदोसराय कोतवाली क्षेत्र के करोरा चौराहे पर मंगलवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में बाइक पर पीछे बैठी 60 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि दो युवक घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार,धुसेड़िया गांव निवासी रामपाल की पत्नी रमपता (60) अपने भतीजे सुनील कुमार के साथ बाइक से मायके जगरा बसावनपुर से घर लौट रही थीं। शाम करीब पांच बजे जैसे ही उनकी बाइक करोरा चौराहे पर पहुंची, सामने से आ रहे करोरा निवासी अखिलेश की बाइक से आमने-सामने की टक्कर हो गई। बताया गया कि अखिलेश अपने साथी रामू बाबा के साथ सड़क पार कर रहे थे। टक्कर इतनी तेज थी कि रमपता सड़क पर गिर गईं और उनके सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं हादसे में अखिलेश और रामू बाबा भी घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बदोसराय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए संयुक्त चिकित्सालय सिरौलीगौसपुर भेजा। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी राम अवतार सरोज ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
रिपोर्टर - नफीस अहमद
No Previous Comments found.