कटान रोकने पहुंचे जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, बोले— गांवों को डूबने नहीं देंगे

बाराबंकी - सूरतगंज सरयू (घाघरा) नदी के बढ़ते कटान से तटवर्ती गांवों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने रामनगर क्षेत्र के चलहारी घाट गणेशपुर तटबंध के 41.700 किमी अपस्ट्रीम स्थित कटान प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया।इस दौरान उनके साथ पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के सूरतगंज क्षेत्र में  मंत्री ने ग्राम तिवाराइन पुरवा, बल्लोपुर, पाण्डेपुरवा एवं बिझला के ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने बताया कि हर वर्ष सरयू नदी के कटान से सैकड़ों बीघा कृषि भूमि नदी में समा जाती है। जिससे किसानों के सामने गंभीर संकट उत्पन्न हो जाता है। ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद मंत्री ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि मानसून से पहले सभी कटानरोधी एवं सुरक्षात्मक कार्य हर हाल में पूर्ण कराए जाएं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सरकार की प्राथमिकता है कि बाढ़ व कटान से किसी भी गांव को नुकसान न होने पाए। मंत्री ने तटबंध पर चल रहे बोल्डर पिचिंग, ठोकर निर्माण एवं परक्यूपाइन लगाए जाने के कार्यों का भी निरीक्षण किया। तथा गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि कटानरोधी परियोजनाओं में तेजी लाकर तटवर्ती आबादी और किसानों की कृषि भूमि को सुरक्षित किया जाए। इस अवसर पर पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी ने क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों एवं वर्षों से चली आ रही कटान की समस्या से मंत्री को अवगत कराते हुए स्थायी समाधान की आवश्यकता पर बल दिया।निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अभियंता, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

रिपोर्टर - नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.