बाराबंकी जिला अस्पताल में ईएनटी सेवाएं हुईं बेहतर, डॉ. समीक्षा सिंह के आने से मरीजों को मिली राहत
बाराबंकी : जिला संयुक्त चिकित्सालय में लंबे समय से कान, नाक एवं गला (ईएनटी) विशेषज्ञ चिकित्सक की कमी के कारण मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ईएनटी ओपीडी में विशेषज्ञ उपलब्ध न होने से कई मरीजों को इलाज के लिए अन्य जनपदों का रुख करना पड़ता था। अब रायबरेली से स्थानांतरित होकर आईं डॉ. समीक्षा सिंह (एमबीबीएस, एमएस-ईएनटी) की तैनाती के बाद जिला अस्पताल की ईएनटी सेवाएं फिर से सुचारु हो गई हैं। उनके नियमित रूप से मरीज देखने से अस्पताल की ईएनटी ओपीडी में प्रतिदिन लगभग 150 से 200 मरीज उपचार एवं परामर्श के लिए पहुंच रहे हैं। इलाज कराने आए मरीज मनीष यादव ने बताया कि डॉ. समीक्षा सिंह मरीजों की बात ध्यानपूर्वक सुनती हैं। पूरी जांच करती हैं। और बेहतर उपचार के साथ आवश्यक सलाह भी देती हैं। उन्होंने कहा कि डॉक्टर के व्यवहार और इलाज से मरीज संतुष्ट हैं तथा कई लोग उनकी सराहना कर रहे हैं।गौरतलब है कि इससे पहले जिला अस्पताल में डॉ. सायमा अज़ीम (संविदा) ईएनटी विशेषज्ञ के रूप में कार्यरत थीं। उनका संविदा कार्यकाल समाप्त होने के बाद यह पद लंबे समय तक रिक्त रहा। जिससे मरीजों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। अब स्थायी नियुक्ति के रूप में डॉ. समीक्षा सिंह के आने से ईएनटी सेवाओं को मजबूती मिली है और मरीजों को समय पर विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो रही है।मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. जे.पी. मौर्य ने बताया कि जिला अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। ईएनटी विशेषज्ञ की तैनाती से अब कान, नाक एवं गले से संबंधित मरीजों को यहीं पर विशेषज्ञ उपचार मिल रहा है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सक की उपलब्धता से मरीजों ने राहत की सांस ली है और उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी स्वास्थ्य सेवाएं इसी प्रकार बेहतर बनी रहेंगी।
रिपोर्टर : नफीस अहमद
No Previous Comments found.