शाहपुर में हर घर जल योजना धराशायी, पाइपलाइन लीकेज से गलियों में बह रहा पानी

बाराबंकी : विकासखंड मसौली की ग्राम पंचायत शाहपुर में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन (हर घर जल योजना) बदहाल व्यवस्था और लापरवाही की भेंट चढ़ती नजर आ रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद चार वर्ष बाद भी अधिकांश घरों तक नलों से पेयजल नहीं पहुंच सका है।जगह-जगह पाइपलाइन फटने से पानी गलियों में बह रहा है। जिससे कीचड़ और जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है। ग्रामीणों के अनुसार योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए गांव की खड़ंजा और इंटरलॉकिंग सड़कों को खोद दिया गया। लेकिन कई स्थानों पर मरम्मत अधूरी छोड़ दी गई। कई गलियों में गहरे गड्ढे आज भी खुले पड़े हैं। जिससे हादसे की आशंका बनी हुई है। लोगों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारी किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं। बताया गया कि करीब एक वर्ष तक योजना का कार्य बंद पड़ा रहा। बीते एक सप्ताह से सोलर पैनल के माध्यम से सीधे पानी की आपूर्ति शुरू की गई।लेकिन आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर पाइपलाइन लीकेज होने के कारण पानी घरों तक पहुंचने के बजाय गलियों में बह रहा है। इससे न केवल पेयजल की बर्बादी हो रही है। बल्कि ग्रामीणों का आवागमन भी प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि योजना पर करीब एक करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जा चुके हैं। लेकिन आज तक नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी। कई घरों में कनेक्शन तक नहीं दिए गए हैं, जबकि जिन घरों में कनेक्शन हैं वहां भी नलों में पानी नहीं आता। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी अधिकारियों एवं ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा हर घर जल योजना को शीघ्र सुचारु रूप से संचालित कराने की मांग की है। उनका कहना है कि चार वर्ष पहले योजना शुरू होने पर उन्हें उम्मीद थी कि शहरों की तरह उनके घरों में भी नलों से शुद्ध पेयजल मिलेगा। लेकिन आज तक यह सपना अधूरा ही बना हुआ है। कई बार लिखित शिकायतें देने के बावजूद न तो जांच हुई और न ही व्यवस्था में कोई सुधार हुआ।

रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.