सम्पूर्ण समाधान दिवस में आईं 29 शिकायतें, 8 का मौके पर हुआ निस्तारण
सिरौलीगौसपुर/बाराबंकी : तहसील मुख्यालय स्थित पारिजात सभागार में सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता एवं तहसीलदार बालेन्दु भूषण वर्मा के संयोजन में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 29 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। जिनमें से 8 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रकरणों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में मुख्य विकास अधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्ता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी अनिल कुमार सरोज, तहसीलदार बालेन्दु भूषण वर्मा, नायब तहसीलदार आशुतोष उपाध्याय एवं दिनेश पाण्डेय, खंड विकास अधिकारी संजीव गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी अर्चना वर्मा, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बदोसराय राम अवतार राम, चेतराम, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) मनोज मिश्रा, सहायक विकास अधिकारी अभिषेक कुमार तथा सहायक विकास अधिकारी (कृषि) समेत अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
रिपोर्टर : नफीस अहमद
No Previous Comments found.