पेड़ से टकराया डंपर, कार-बाइकें दबीं, 11 हजार वोल्ट लाइन हुई क्षतिग्रस्त
बाराबंकी - शहर के लखपेड़ाबाग स्थित रामसेवक स्कूल के सामने सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। मिट्टी से लदा एक डंपर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े नीम के पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पेड़ 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन पर गिर गया। जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पूरे मोहल्ले की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।हादसे में पेड़ के नीचे खड़ी दो मोटरसाइकिलें और एक चारपहिया वाहन दब गए। ट्रांसफार्मर में भी आग लगने की सूचना मिली। हालांकि बिजली विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नियंत्रण पा लिया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और कई लोग बाल-बाल बच गए। सूचना मिलते ही पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, बिजली विभाग और वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। क्षतिग्रस्त पेड़ को हटाकर यातायात सुचारु कराया गया तथा बिजली आपूर्ति बहाल करने का कार्य शुरू किया गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि शहर में सुबह 10 बजे के बाद भारी वाहनों के प्रवेश पर नो-एंट्री लागू रहती है, फिर भी दिनदहाड़े मिट्टी से लदे डंपर शहर की सड़कों पर कैसे दौड़ रहे हैं? लोगों का आरोप है कि मिट्टी से भरे डंपरों पर अक्सर तिरपाल भी सही तरीके से नहीं ढका जाता, जिससे सड़क पर मिट्टी गिरती रहती है और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि शहर में नो-एंट्री नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए तथा अवैध मिट्टी खनन और ओवरलोड डंपरों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
रिपोर्टर - नफीस अहमद
No Previous Comments found.