खण्ड शिक्षा अधिकारी को भाव भीनी विदाई
बाराबंकी : खण्ड शिक्षा अधिकारी जैनेंद्र कुमार का जनपद सुल्तानपुर डायट में वरिष्ठ प्रवक्ता पद पर पदस्थापन होने पर गुरुवार को शिक्षकों एवं कार्यालय कर्मचारियों ने भाव भीनी विदाई दी। खंड शिक्षा अधिकारी जैनेन्द्र कुमार ने अपने उद्बोधन में भावनाओं, आत्मीयता तथा कर्तव्यनिष्ठा का अद्भुत समन्वय प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि मसौली की सफलता का मूल आधार किसी एक व्यक्ति का प्रयास नहीं, बल्कि समस्त शिक्षक संगठनों, शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, एआरपी तथा शिक्षा विभाग के प्रत्येक कर्मयोगी का पारस्परिक सामंजस्य, सहयोग और समर्पण रहा है। उन्होंने अत्यंत संतोष के साथ कहा कि जब सभी संगठन और सभी साथी एक ध्येय के लिए एकजुट होकर कार्य करते हैं, तब कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं रह जाता। यही सामूहिक शक्ति मसौली विकास खंड को जनपद के समस्त विकास खंडों में अग्रणी एवं उत्कृष्ट स्थान पर स्थापित करने में सहायक बनी है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि यह गौरव निरंतर बना रहे तथा मसौली सदैव शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता का मानक स्थापित करता रहे। श्री जैनेन्द्र कुमार जी ने उपस्थित समस्त शिक्षकों एवं शिक्षा परिवार के सदस्यों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रत्येक शिक्षक राष्ट्र के भविष्य का शिल्पकार है। उनका समर्पण, परिश्रम और नवाचार ही विद्यालयों को उत्कृष्टता के शिखर तक पहुँचाता है। उन्होंने सभी शिक्षकों से निरंतर नवाचार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया। अपने संबोधन में उन्होंने विशेष आत्मीयता के साथ कहा कि मसौली का समस्त शिक्षा परिवार उनके लिए केवल प्रशासनिक दायित्व का विषय नहीं, बल्कि एक विस्तृत परिवार है। उन्होंने भावुक स्वर में कहा कि स्थानांतरण अथवा पदोन्नति से केवल कार्यस्थल बदलता है, आत्मीय संबंध कभी समाप्त नहीं होते। वे भविष्य में भी मसौली परिवार से इसी प्रकार जुड़े रहेंगे तथा आवश्यकता पड़ने पर सदैव सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए उपलब्ध रहेंगे। विकास खंड के समस्त शैक्षिक संदर्भदाताओं (एआरपी), आदित्य वर्मा, राजेश कुमार यादव, राहत फातिमा, आशीष शुक्ला, उमेश वर्मा की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी निष्ठा, परिश्रम, सतत विद्यालय भ्रमण, शैक्षणिक सहयोग तथा नवाचारी कार्यों ने मसौली को नई पहचान प्रदान की है। उन्होंने उन सभी शिक्षकों का भी विशेष रूप से अभिनंदन किया जिन्होंने अपने उत्कृष्ट शैक्षणिक नवाचारों, अनुकरणीय कार्यशैली, विद्यार्थियों के प्रति समर्पण तथा विद्यालयों के सर्वांगीण विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश चंद्र व संजय श्रीवास्तव,जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ब्लॉक अध्यक्ष नरेंद्र कुमार, मंत्री अतीकुर्रहमान व मो जमाल,वरिष्ठ उपाध्यक्ष नदीम अब्बास, शिक्षमित्र संघ ब्लॉक अध्यक्ष प्रभात सिंह,शशि प्रभा शाक्य,कुमुद निगम,शबाना,विजय देवी माया देवी, वंदना,आरती सिंह, पावेल राज,जितेंद्र दीक्षित, शिवानी सिंह,राखी रावत,हरिश्चंद्र वर्मा, विनोद वर्मा सहित अन्य शिक्षकों व कर्मचारियों ने स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
रिपोर्टर : सरवर अली
No Previous Comments found.