तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से 10 वर्षीय बालक गंभीर घायल, चालक हिरासत में
फतेहपुर/बाराबंकी : फतेहपुर क्षेत्र में शुक्रवार को तेज रफ्तार का कहर एक मासूम पर टूट पड़ा। सड़क किनारे साइकिल से घर लौट रहे 10 वर्षीय बालक को तेज गति से आ रही पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद पिकअप चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क किनारे खाई में जा गिरा। स्थानीय लोगों की सतर्कता से चालक को मौके पर ही पकड़ लिया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, गुठवन पुरवा निवासी मंगल (10), पुत्र राम लखन, शुक्रवार को शेखपुर बाजार से घरेलू सामान खरीदकर साइकिल से वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में तेज रफ्तार पिकअप ने उसकी साइकिल को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बालक कई फीट दूर जा गिरा और उसके सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने बिना देर किए घायल बालक को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
उधर, दुर्घटना के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और पिकअप सड़क किनारे खाई में उतर गई।प्रत्यक्षदर्शियों ने भागने की कोशिश कर रहे चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेते हुए चालक को हिरासत में ले लिया। हादसे के बाद कुछ समय तक घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और राहगीरों की भीड़ जुट गई।
रिपोर्टर : नफीस अहमद
No Previous Comments found.