एक संदिग्ध गिरफ्तार फतेहपुर पुलिस ने साइबर ठगी का मुकद्दमा किया दर्ज़
फतेहपुर (बाराबंकी) : साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत फतेहपुर पुलिस ने प्रतिबिंब पोर्टल पर प्रदर्शित एक संदिग्ध मोबाइल नंबर की जांच के बाद साइबर ठगी का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया कि संबंधित मोबाइल नंबर के खिलाफ एनसीआरपी (नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल) पर दो अलग-अलग राज्यों से साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज थीं।
उपनिरीक्षक इफ़लाक अहमद खां ने मुख्य आरक्षी जितेंद्र कुमार गौड़ व आरक्षी जितेंद्र जोशी के साथ प्रतिबिंब पोर्टल पर प्रदर्शित संदिग्ध मोबाइल नंबर की जांच की। जांच में पता चला कि मोबाइल नंबर के धारक के रूप में कीरतपुर निवासी ऋतिक पुत्र रामगोपाल का नाम दर्ज है। पुलिस ने संबंधित मोबाइल नंबर का सीएएफ (कस्टमर एप्लीकेशन फॉर्म) प्राप्त किया, जिसमें यह नंबर ऋतिक के नाम से प्रीपेड कनेक्शन के रूप में पंजीकृत मिला।
पुलिस के अनुसार पहली शिकायत बिहार के बेगूसराय निवासी रित्विक कुमार ने दर्ज कराई थी। आरोप है कि उनके भाई को पुलिस केस में फंसने से बचाने का झांसा देकर 10 हजार रुपये की साइबर ठगी की गई। वहीं दूसरी शिकायत उत्तराखंड के नैनीताल निवासी भगवान सिंह ने दर्ज कराई, जिसमें आरोप लगाया गया कि उनके रिश्तेदार की फेसबुक मैसेंजर आईडी हैक कर 50 हजार रुपये यूपीआई के माध्यम से एयरटेल पेमेंट बैंक खाते में ट्रांसफर करा लिए गए। दोनों मामलों में धनराशि जिस बैंक खाते में भेजी गई, उसकी केवाईसी भी ऋतिक के नाम पर दर्ज पाई गई।
जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि संदिग्ध मोबाइल नंबर का उपयोग विभिन्न स्थानों पर घूम-घूमकर साइबर वित्तीय अपराध करने में किया जा रहा था। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रभारी निरीक्षक अमित प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साइबर सेल पूरे प्रकरण की गहन जांच कर रही है तथा प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, सोशल मीडिया संदेश या लालच में आकर धनराशि स्थानांतरित न करें और साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन या एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
रिपोर्टर : नफीस अहमद
No Previous Comments found.