रेलवे ट्रैक पर मिले युवक के शव की हुई पहचान, सूरतगंज के छात्र आदर्श कुमार की मौत
बाराबंकी : बंकी रेलवे क्रॉसिंग के पास रेलवे ट्रैक पर रविवार देर शाम मिले अज्ञात युवक के क्षत-विक्षत शव की पहचान आदर्श कुमार (17) पुत्र सुनील कुमार, निवासी ग्राम झांझरा, थाना मोहम्मदपुर खाला, क्षेत्र सूरतगंज (बाराबंकी) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, आदर्श बाराबंकी शहर में रहकर पढ़ाई कर रहा था। वह पटेल डिग्री कॉलेज के पास किराये के कमरे में रहता था और साईं इंटर कॉलेज में अध्ययनरत था.रविवार देर शाम बंकी रेलवे क्रॉसिंग से करीब 200 मीटर आगे लखनऊ की ओर जाने वाले रेलवे ट्रैक पर उसका क्षत-विक्षत शव मिलने की सूचना पर जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू की। रविवार रात करीब 10 बजे परिजनों को सूचना मिली। इसके बाद परिवार के लोग बाराबंकी रेलवे स्टेशन पहुंचे और शव की पहचान आदर्श कुमार के रूप में की। युवक मृत अवस्था में मिला था इसलिए उसे अस्पताल नहीं ले जाया गया।पहचान के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता सुनील कुमार ने बताया कि आदर्श पढ़ाई के उद्देश्य से बाराबंकी में रह रहा था। घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है। फिलहाल परिजनों ने किसी प्रकार की लिखित तहरीर नहीं दी है और न ही किसी पर कोई आशंका व्यक्त की है। जीआरपी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है कि युवक की मौत दुर्घटना में हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
रिपोर्टर : नफीस अहमद
No Previous Comments found.