स्कूल चलो अभियान की विशाल रैली, हजारों विद्यार्थियों ने दिया शिक्षा का संदेश
फतेहपुर/बाराबंकी : माध्यमिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में मंगलवार को स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में तहसील क्षेत्र के लगभग 40 माध्यमिक विद्यालयों के हजारों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर शिक्षा के महत्व का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया।
रैली को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि किसी भी विकसित राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत उसकी शिक्षित युवा शक्ति होती है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के कठिन समय में भारतीय युवाओं ने अपनी प्रतिभा और शिक्षा के बल पर देश को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। यदि युवाओं ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त न की होती तो वैक्सीन निर्माण जैसी बड़ी उपलब्धियां संभव नहीं हो पातीं। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से विद्यालय आने, अनुशासन के साथ पढ़ाई करने और अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने का आह्वान किया।
विधायक ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम का उदाहरण देते हुए कहा कि साधारण परिवार से निकलकर उन्होंने शिक्षा के दम पर देश के सर्वोच्च पद तक पहुंचकर करोड़ों युवाओं को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के वैज्ञानिक, डॉक्टर, इंजीनियर, आईएएस और पीसीएस अधिकारी बनेंगे।
जागरूकता रैली नगर के पटेल चौराहा, हसीन तिराहा, सट्टी बाजार, मुंशीगंज, मस्तान रोड, ब्लॉक तिराहा, बस स्टॉप और तहसील चौराहा सहित प्रमुख मार्गों से होकर निकली। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने शिक्षा से जुड़े प्रेरक नारे लगाते हुए प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में नामांकन कराने और नियमित शिक्षा दिलाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में नेशनल इंटर कॉलेज, वारिस चिल्ड्रेंस एकेडमी, आचार्य श्री चंद्रदेव इंटर कॉलेज, आजाद इंटर कॉलेज, युगांतर इंटर कॉलेज, सर्वोदय स्कूल, सच्चिदानंद गुरुकुल संस्कृत विद्यालय, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज बेलहरा, राजकीय इंटर कॉलेज निंदूरा, आर.आर. इंटर कॉलेज, जय हिंद इंटर कॉलेज, हरिनाथ सिंह सिसोदिया इंटर कॉलेज, सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज, अवध हाईस्कूल सहित करीब 40 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक अमिता सिंह, एसडीएम कार्तिकेय सिंह, तहसीलदार वैशाली अहलावत सहित अनेक अधिकारी, शिक्षक, शिक्षाविद एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। हजारों विद्यार्थियों की सहभागिता से पूरे नगर में शिक्षा के प्रति जागरूकता का उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला।
रिपोर्टर : नफीस अहमद
No Previous Comments found.