एसडीएम अनिल कुमार सरोज ने कोठरी गौरिया राहत चौकी का किया निरीक्षण
सिरौलीगौसपुर बाराबंकी : संभावित बाढ़ को देखते हुए तहसील प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। सोमवार को उपजिलाधिकारी सिरौलीगौसपुर अनिल कुमार सरोज एवं तहसीलदार बालेन्दु भूषण वर्मा ने अलीनगर रानीमऊ तटबंध के निकट स्थित बाढ़ राहत चौकी कोठरी गौरिया का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने केन यूनियन के चेयरमैन कमलाकांत द्विवेदी तथा ग्रामीणों से बाढ़ के दौरान आने वाली समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने राहत चौकी पर तैनात राजस्व कर्मियों को हर समय सतर्क रहने और बाढ़ से जुड़ी प्रत्येक गतिविधि की पल-पल की सूचना तहसील स्थित बाढ़ राहत कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान बाढ़ खंड की एसडीओ एवं अवर अभियंताओं के साथ तटबंधों की स्थिति और अनुरक्षण कार्यों की समीक्षा की गई। एसडीएम ने निर्देशित किया कि तटबंधों तथा डामरीकृत सड़कों पर जहां-जहां गड्ढे हैं। उनकी तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि बाढ़ की स्थिति में आवागमन बाधित न हो और ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान कोतवाली टिकैतनगर पुलिस, बाढ़ खंड के अधिकारी, राजस्व कर्मी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
रिपोर्टर : नफीस अहमद
No Previous Comments found.