ग्रामीणों को दिलाई गई जल बचाने की शपथ, वर्षा जल संचयन अपनाने का आह्वान

सिरौलीगौसपुर बाराबंकी :  शासन के निर्देशानुसार 15 से 22 जुलाई तक मनाए जा रहे जल संरक्षण सप्ताह के अंतर्गत शुक्रवार को विकास खंड क्षेत्र के ग्राम मधनापुर, थानाडीह, बरोलिया, सिरौलीगुंग, परसा, मोहद्दीनपुर सहित कई गांवों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान ग्रामीणों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई तथा पानी की प्रत्येक बूंद बचाने का संकल्प कराया गया। कार्यक्रम में अवर अभियंता (लघु सिंचाई विभाग) सतीश श्रीवास्तव (जेई एमआई) ग्राम सचिव कुलदीप वर्मा, अरविंद कुमार यादव सहित अन्य अधिकारियों ने ग्रामीणों को जल संरक्षण के महत्व की जानकारी दी।उन्होंने वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने, अनावश्यक रूप से नलों को खुला न छोड़ने, फव्वारा (स्प्रिंकलर) विधि से सिंचाई करने तथा कम पानी वाली फसलों को अपनाने की अपील की। इस अवसर पर शैलेन्द्र शुक्ला ‘मखन्चू’ ने कहा कि जल ही जीवन का आधार है और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए जल संरक्षण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।उन्होंने प्रत्येक परिवार से प्रतिदिन कम से कम एक बाल्टी पानी बचाने का संकल्प लेने का आग्रह किया।अवर अभियंता सतीश श्रीवास्तव ने कहा कि जल संकट से बचने के लिए अभी से प्रभावी कदम उठाना आवश्यक है। यदि आज पानी का संरक्षण किया जाएगा, तभी भविष्य सुरक्षित रहेगा। उन्होंने जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने पर जोर दिया।शासन के निर्देशानुसार 15 से 22 जुलाई तक चल रहे इस अभियान के तहत ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि तथा छात्र-छात्राएं भी लोगों को जल संरक्षण की शपथ दिलाकर जागरूक कर रहे हैं। कार्यक्रम में विवेक कुमार, वेनी प्रसाद वर्मा, रामसिंह, जय प्रकाश वर्मा, केदारनाथ वर्मा सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.