बिना ब्याज ऋण योजना से आत्मनिर्भरता की ओर, जागरूकता शिविर में 35 युवाओं का हुआ पंजीकरण

टिकैतनगर बाराबंकी :  युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से टिकैतनगर में जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में करीब 50 लोगों ने भाग लिया, जिनमें से 35 इच्छुक युवाओं एवं महिलाओं का विभिन्न सरकारी स्वरोजगार योजनाओं के तहत पंजीकरण किया गया। शिविर में जिला उद्योग केंद्र से आए सीएम युवा फेलो रवि सिंह, सीएम युवा फेलो प्रज्ञा यादव एवं डाटा एंट्री ऑपरेटर शिवम रावत ने मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री रोजगार योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ब्यूटी पार्लर, बुटीक, सिलाई केंद्र सहित अन्य लघु एवं गृह उद्योग स्थापित करने के लिए पात्र लाभार्थियों को बिना ब्याज ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ ही निर्धारित मानकों के अनुसार 10 प्रतिशत तक सब्सिडी का लाभ भी दिया जाएगा।अधिकारियों ने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं और महिलाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाना है। उन्होंने उपस्थित लोगों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और समय पर आवेदन करने की अपील की। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को योजनाओं की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, आवेदन प्रक्रिया और ऋण प्राप्त करने की पूरी जानकारी दी गई। साथ ही उपस्थित लोगों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें स्वरोजगार अपनाकर आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया गया।

रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.