एसडीएम ने राहत चौकी पर की बैठक, तटवर्ती गांवों में चौपाल लगाकर दिए सुरक्षा के निर्देश

बाराबंकी - सिरौलीगौसपुर बाढ़ को देखते हुए तहसील प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में बाढ़ राहत चौकी सनांवा में उपजिलाधिकारी अनिल कुमार सरोज की अध्यक्षता एवं तहसीलदार डॉ. अनुराग के संयोजन में बैठक आयोजित की गई। जिसमें बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की तैयारियों की समीक्षा की गई।बैठक के दौरान उपजिलाधिकारी ने अलीनगर रानीमऊ तटबंध के भीतर स्थित सरयू नदी के तटवर्ती गांवों—सनांवा, कहारन पुरवा, पासिन टेपरा, कुर्मिन टेपरा, कोठीडीहा और सिरौलीगुंग में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने बाढ़ के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं पर चर्चा करते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक सुझाव दिए तथा लोगों को सतर्क रहने की अपील की। तहसीलदार डॉ. अनुराग ने ग्राम प्रधानों एवं ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि बाढ़ जैसी किसी भी स्थिति की तत्काल सूचना तहसील बाढ़ कंट्रोल रूम को दें। उन्होंने अपना मोबाइल नंबर भी साझा किया और समय-समय पर प्रशासन को सूचनाएं उपलब्ध कराने का आग्रह किया। बैठक के बाद अधिकारियों ने कहारन पुरवा, पासिन टेपरा, कोठीडीहा और सिरौलीगुंग सहित सरयू नदी के किनारे बसे गांवों का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सरयू नदी का जलस्तर फिलहाल नदी के पेटे में लगभग एक मीटर नीचे बह रहा है। जिससे तत्काल खतरे की स्थिति नहीं है।उपजिलाधिकारी अनिल कुमार सरोज ने बताया कि राजस्व प्रशासन बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार पैनी नजर बनाए हुए है। राहत चौकियों पर नियमित चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों को बाढ़ आपदा से बचाव, सतर्कता और आवश्यक सुरक्षा उपायों की जानकारी दी जा रही है। ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।बैठक एवं निरीक्षण के दौरान रामबक्श यादव, संदीप सिंह, कल्लू सिंह, रामकरण, घनश्याम सिंह सहित बाढ़ क्षेत्र के सभी राजस्व निरीक्षक, लेखपाल एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर - नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.