यूरिया संकट पर किसानों का हल्ला बोल: ब्लॉक प्रमुख रेनू वर्मा के नेतृत्व में प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा 13 सूत्रीय ज्ञापन
सिरौली गौसपुर (बाराबंकी) : विकासखंड सिरौली गौसपुर में शनिवार को क्षेत्र में व्याप्त यूरिया खाद की गंभीर समस्या को लेकर किसानों और जनप्रतिनिधियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। ब्लॉक प्रमुख रेनू वर्मा एवं उनके पुत्र रवि वर्मा के नेतृत्व में जिला पंचायत सदस्यों, ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, किसानों तथा गणमान्य नागरिकों ने उपजिलाधिकारी सिरौली गौसपुर को 13 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपकर तत्काल समाधान की मांग की। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि खेती के महत्वपूर्ण समय में किसानों को पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध नहीं हो पा रही है। जिससे फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। उन्होंने खाद वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता लाने तथा कालाबाज़ारी पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की। ज्ञापन में किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध कराने, वितरण व्यवस्था को निष्पक्ष एवं सुचारु बनाने, कालाबाज़ारी पर कड़ी कार्रवाई करने तथा प्रत्येक पात्र किसान तक बिना किसी भेदभाव के खाद उपलब्ध कराने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।
ब्लॉक प्रमुख रेनू वर्मा ने कहा कि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान होना चाहिए। यदि समय रहते यूरिया की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं की गई तो इसका सीधा असर फसल उत्पादन पर पड़ेगा। उन्होंने प्रशासन से किसानों के हित में तत्काल प्रभावी कदम उठाने की अपील की।प्रदर्शन में बड़ी संख्या में जिला पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, किसान एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।
रिपोर्टर : नफीस अहमद
No Previous Comments found.