यूरिया की कथित कालाबाजारी पर किसान यूनियन (टिकैत गुट) का धरना दूसरे दिन भी जारी

सूरतगंज (बाराबंकी) : क्षेत्र के लालपुर-रमवापुर रोड पर किसान यूनियन (टिकैत गुट) का यूरिया खाद की कथित कालाबाजारी के विरोध में रविवार से शुरू हुआ धरना-प्रदर्शन सोमवार को भी लगातार जारी रहा। 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद किसानों की मांगों का समाधान नहीं हो सका, जिससे किसानों और संगठन के पदाधिकारियों में भारी नाराजगी देखने को मिली।

किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि किसानों को सरकार द्वारा निर्धारित 266 प्रति बोरी की दर से यूरिया खाद उपलब्ध नहीं कराई जा रही थी तथा अधिक कीमत वसूली जा रही थी। किसानों का कहना है कि खाद की कृत्रिम कमी पैदा कर कालाबाजारी की जा रही है, जिससे क्षेत्र के अन्नदाता परेशान हैं और उन्हें समय पर खाद नहीं मिल पा रही है।
धरना स्थल पर किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक पुलिस प्रशासन एवं कृषि विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में किसानों को निर्धारित सरकारी मूल्य 266 प्रति बोरी पर यूरिया खाद का वितरण नहीं कराया जाएगा, तब तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा। उनका कहना है कि प्रशासन की निगरानी में वितरण होने से किसानों के साथ किसी प्रकार की अनियमितता नहीं होगी।
धरना-प्रदर्शन के दौरान मौके पर मौजूद संबंधित दुकानदार ने किसानों को खाद वितरण करने पर सहमति जता दी, लेकिन किसान यूनियन के पदाधिकारी अपनी मांग पर अड़े रहे कि वितरण केवल प्रशासनिक अधिकारियों और कृषि विभाग की मौजूदगी में ही कराया जाए। खबर लिखे जाने तक इस संबंध में प्रशासन और किसान नेताओं के बीच वार्ता जारी थी।
धरना-प्रदर्शन में ब्लॉक अध्यक्ष सूरतगंज निर्मल कुमार वर्मा, ब्लॉक उपाध्यक्ष संतोष कुमार शुक्ला, ब्लॉक महामंत्री प्रवेश कुमार, ब्लॉक सचिव विशाल शुक्ला, ब्लॉक मीडिया प्रभारी त्रिभुवन चौहान, जिला कार्यकारिणी सदस्य लवकुश वर्मा, लक्ष्मी देवी, ग्राम अध्यक्ष सहित किसान यूनियन (टिकैत गुट) के अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि किसानों को निर्धारित मूल्य पर समय से यूरिया खाद उपलब्ध नहीं कराई गई तथा कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
रिपोर्टर : नफीस  अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.