नंद बाबा दुग्ध मिशन योजना के तहत मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना के लाभार्थियों का ई-लॉटरी से चयन

बाराबंकी : जिलाधिकारी ईशान प्रताप के निर्देशों के क्रम में अपर जिलाधिकारी न्यायिक राजकुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को डीआरडीए सभागार में नंद बाबा दुग्ध मिशन योजना के अंतर्गत मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना वित्तीय वर्ष 2026-27 के पात्र लाभार्थियों का चयन ई-लॉटरी के माध्यम से किया गया। जनपद से योजना के लिए कुल 320 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए थे। सत्यापन उपरांत 304 आवेदक पात्र पाए गए। जिनमें 101 महिलाएं एवं 203 पुरुष शामिल हैं। जिलाधिकारी की उपस्थिति में आयोजित डिस्ट्रिक्ट एग्जीक्यूटिव कमेटी की बैठक में ई-लॉटरी के माध्यम से 14 महिला एवं 14 पुरुष, कुल 28 लाभार्थियों का चयन किया गया। बैठक में 73 आवेदक उपस्थित रहे। योजना के अंतर्गत चयनित लाभार्थियों को प्रदेश के बाहर से गिर, साहीवाल, हरियाणा एवं थारपारकर जैसी भारतीय नस्ल की दो गायें खरीदकर लानी होंगी। साथ ही दोनों गोवंशों का बीमा एवं इयर टैगिंग कराना भी अनिवार्य होगा। सभी आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराने पर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रति गाय ₹40,000 तथा दो गायों की एक इकाई पर अधिकतम ₹80,000 का अनुदान प्रदान किया जाएगा। बैठक में नोडल अधिकारी पी.के. वर्मा ने बताया कि ई-लॉटरी से चयनित सभी लाभार्थियों को चयन-पत्र प्राप्त होने की तिथि से दो माह के भीतर बाह्य प्रदेश से दो स्वदेशी गोवंश लाना अनिवार्य होगा। निर्धारित अवधि में ऐसा न करने पर उनका चयन स्वतः निरस्त माना जाएगा तथा प्रतीक्षा सूची में शामिल लाभार्थियों को इकाई स्थापित करने का अवसर प्रदान किया जाएगा।

रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.