दसवीं वाहिनी परिसर के बैरक में सिपाही का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने से हड़कंप

मसौली/बाराबंकी : 10वीं वाहिनी पीएसी परिसर स्थित बैरक में रविवार को 2021 बैच के एक सिपाही का शव कमरे के अंदर फंदे से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पीएसी अधिकारी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 10वीं वाहिनी पीएसी में तैनात सिपाही दीपक सिंह (30) के रूप में हुई है। रविवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर साथी जवानों को संदेह हुआ। दरवाजा खोलने पर दीपक सिंह का शव फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है हालांकि आत्महत्या के पीछे के कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है और मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है तथा आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि मृतक मूल रूप से मेरठ जनपद के रोहटा थाना क्षेत्र का निवासी था।

रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.