न्याय पंचायत स्तर तक संगठन मजबूत करेगा भाकियू टिकैत, किसानों के हक की लड़ाई जारी: निसार मेहदी

सिरौलीगौसपुर/बाराबंकी : भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) के तत्वावधान में रविवार को बरोलिया स्थित पारिजात परिसर में न्याय पंचायत स्तरीय पदाधिकारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन राधेश्याम रावत एवं अमरेश यादव ने किया। बैठक में किसानों की समस्याओं, संगठन के विस्तार और आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष निसार मेहदी एडवोकेट ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ पदाधिकारी शिवचंद साहू ने किया। बैठक में संगठन को न्याय पंचायत और गांव स्तर तक मजबूत बनाने, अधिक से अधिक किसानों को संगठन से जोड़ने तथा प्रत्येक गांव में सक्रिय इकाइयों के गठन पर विशेष जोर दिया गया। अपने अध्यक्षीय संबोधन में मंडल अध्यक्ष निसार मेहदी एडवोकेट ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन किसानों के हक, सम्मान और अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती के साथ लड़ रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर खाद, बीज, सिंचाई की सुविधा, निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा फसलों का उचित मूल्य उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि किसानों की समस्याओं की अनदेखी की गई तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगा। बैठक में जिला अध्यक्ष हौसला प्रसाद वर्मा के नेतृत्व में प्रत्येक माह आयोजित होने वाले रक्तदान कार्यक्रम तथा प्रतिवर्ष गरीब कन्याओं के सामूहिक विवाह समारोह में संगठन की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम में मौजूद पदाधिकारियों ने संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने का संकल्प लिया और किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का भरोसा दिलाया।
रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.