रास्ता भटककर पहुंची मानसिक रूप से अस्वस्थ किशोरी को मिशन शक्ति टीम ने सकुशल परिजनों से मिलाया
बाराबंकी : जनपद बाराबंकी के थाना फतेहपुर पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए रास्ता भटककर थाना क्षेत्र में पहुंची मानसिक रूप से अस्वस्थ एक किशोरी को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस के अनुसार, दिनांक 03 अगस्त 2026 को सूचना प्राप्त हुई कि लगभग 12 वर्षीय एक मानसिक रूप से अस्वस्थ किशोरी रास्ता भटककर थाना फतेहपुर क्षेत्र में आ गई है। सूचना मिलते ही मिशन शक्ति टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर किशोरी को सुरक्षित संरक्षण में लिया और बेहद सहानुभूतिपूर्वक उससे पूछताछ की। काफी प्रयास और सूझबूझ के बाद पुलिस टीम ने किशोरी के परिजनों का पता लगाया तथा उनसे संपर्क स्थापित कर उसे सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया। अपनी बेटी को सुरक्षित पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और बाराबंकी पुलिस तथा मिशन शक्ति टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया। थाना फतेहपुर पुलिस की इस सराहनीय कार्यवाही की क्षेत्र में व्यापक प्रशंसा हो रही है।
रिपोर्टर : नफीस अहमद
No Previous Comments found.