बाराबंकी में मोहम्मदपुर खाला पुलिस की बड़ी सफलता: सीरियल चोर गिरफ्तार, चोरी की जंजीर, अंगूठी और नकदी बरामद।
बाराबंकी : शुक्रवार को बाराबंकी पुलिस के अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मोहम्मदपुर खाला पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए कई चोरी की वारदातों में वांछित एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की सफेद धातु की जंजीर, अंगूठी और 5,700 रुपये नकद बरामद किए हैं। इस कार्रवाई से क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के खुलासे में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देशन में थाना मोहम्मदपुर खाला की टीम ने 6 अगस्त को कार्रवाई करते हुए चन्दू पुत्र बृजबिहारी निवासी मगदापुर, थाना थानगांव, जनपद सीतापुर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी राकेश कोरी के साथ मिलकर बाराबंकी जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कई चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस राकेश कोरी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
कई चोरी की घटनाओं का हुआ खुलासा
थाना मोहम्मदपुर खाला पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी ने ग्राम केसरई और ग्राम पारा में हुई चोरी की वारदातों के अलावा थाना बड्डुपुर और थाना फतेहपुर क्षेत्र में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। बरामद जंजीर और अंगूठी ग्राम केसरई की चोरी की घटना से संबंधित बताई जा रही है, जबकि नकद धनराशि विभिन्न चोरी की घटनाओं से प्राप्त रकम का हिस्सा है।
मोहम्मदपुर खाला पुलिस की सक्रियता की सराहना
क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच थाना प्रभारी अमित सिंह भदौरिया के नेतृत्व में मोहम्मदपुर खाला पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की कई वारदातों का पर्दाफाश किया।
रिपोर्टर : नफीस अहमद
No Previous Comments found.