पहलवान सौरभ दास ने 60 से अधिक बच्चों को बांटी पाठ्य सामग्री और स्कूल बैग

बाराबंकी : ग्राम पंचायत सुरसण्डा के बनियातारा पहलीपार स्थित परिषदीय विद्यालय में शनिवार को हनुमान गढ़ी अयोध्या के पहलवान सौरभ दास द्वारा पाठ्य सामग्री एवं स्कूल बैग वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान प्राथमिक विद्यालय सुरसण्डा एवं बनियातारा के पांच दर्जन से अधिक छात्र-छात्राओं को पठन सामग्री और बैग वितरित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद विद्यालय के बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और पूरा वातावरण देशभक्ति के भाव से सराबोर हो गया। उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। पहलवान सौरभ दास ने श्री हनुमान गढ़ी अयोध्या के महंत बाबा बलराम दास जी महाराज का उल्लेख करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और शिक्षा के माध्यम से जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। कार्यक्रम के माध्यम से ‘सब पढ़ें, सब बढ़ें’ का संदेश दिया गया।पाठ्य सामग्री एवं बैग पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया। वक्ताओं ने कहा कि बच्चों को शिक्षा के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। पुस्तकें केवल पढ़ाई का साधन नहीं, बल्कि बच्चों के सपनों को दिशा देने का माध्यम भी हैं। इस दौरान दिव्यांश चौधरी, चिराग पासवान, सुहेल, अनुष्का, विशाखा, आयुषी, अंशिका, दिव्यांशी, आयशा, हुदा, आरोही, पल्लवी, जीनत, कासिफा, फिजा, आराधना, शहजादी, अंकेश, सफात चिराग, खुशी, सिद्धार्थ और सैय्यदा सहित अन्य छात्र-छात्राओं को पाठ्य सामग्री एवं पुस्तकें वितरित की गईं। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका शम्हीद ईफत, सुधा वर्मा, लक्ष्मी मिश्रा, साक्षी गुप्ता एवं किरण सिंह मौजूद रहीं। शिक्षकों ने बच्चों को नियमित रूप से पढ़ाई करने तथा उपलब्ध पुस्तकों एवं पाठ्य सामग्री का बेहतर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.