ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराकर भाजपा नेता के बेटे समेत 2 युवकों की मौत

बाराबंकी :  फतेहपुर-सूरतगंज मार्ग पर दादनपुर गांव के पास रविवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। लोधेश्वर महादेवा के दर्शन के लिए जा रहे तीन युवकों की बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। इस हादसे में फतेहपुर कस्बे के जोशी टोला निवासी भाजपा नेता के बेटे समेत दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है।

हादसा कैसे हुआ
रात करीब 9 बजे फतेहपुर के जोशीटोला निवासी शैलेंद्र उर्फ हेमल जोशी (22), शक्तिमान जोशी (19) और सचिन जोशी (21) बाइक से लोधेश्वर महादेवा जा रहे थे। फतेहपुर-सूरतगंज मार्ग पर दादनपुर चौराहे से आगे उनकी बाइक सड़क पर चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तीनों को सीएचसी फतेहपुर ले जाया गया।

अस्पताल में मौत और एंबुलेंस विवाद
सीएचसी में डॉक्टरों ने जांच के बाद शैलेंद्र उर्फ हेमल जोशी को मृत घोषित कर दिया। शक्तिमान की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। तीसरे घायल सचिन का इलाज जारी है।

परिजनों का आरोप है कि रेफर करने के बाद करीब डेढ़ घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। इस दौरान शक्तिमान की हालत लगातार बिगड़ती रही। एंबुलेंस में देरी से नाराज परिजनों और साथ आए लोगों ने सीएचसी परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। गाली-गलौज और आंशिक तोड़फोड़ के भी आरोप लगे।

मामला बढ़ता देख पुलिस ने अपने वाहन से शक्तिमान को जिला अस्पताल भेजा, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। दो युवकों की मौत की खबर मिलते ही सीएचसी में चीख-पुकार मच गई। परिजन शवों से लिपटकर रोने लगे।

पुलिस ने संभाला मोर्चा
हंगामे की सूचना पर मोहम्दपुर खाला कोतवाल अमित सिंह भदौरिया मौके पर पहुंचे। घायल सचिन की हालत गंभीर देख उन्होंने उसे गोद में उठाकर सरकारी वाहन से उपचार के लिए भेजा। पुलिस की इस पहल की लोगों ने सराहना की।

सूचना पर तहसीलदार वैशाली अहलावत, नायब तहसीलदार विजय प्रकाश और अनु सिंह भी पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाया, जिसके बाद स्थिति शांत हुई।

परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
शैलेंद्र उर्फ हेमल जोशी नगर पंचायत में नामित सभासद दयाशंकर जोशी के बेटे थे। तीन भाइयों में दूसरे नंबर के शैलेंद्र की फरवरी में शादी तय थी। वह एक निजी बैंक में नौकरी करते थे। शादी की तैयारियों के बीच बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।

शक्तिमान जोशी पांच भाइयों में तीसरे नंबर के थे। उनके बड़े भाई बंटी और विष्णु हैं, जबकि छोटे भाई शिवम और लवकुश हैं। बेटे की अचानक मौत से परिवार में मातम पसरा है।

सीएमओ का बयान
फतेहपुर सीएचसी पहुंचे सीएमओ डॉ. रंजन गौतम ने बताया कि शैलेंद्र को मृत अवस्था में लाया गया था। शक्तिमान और सचिन घायल थे। शक्तिमान को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया था। उन्होंने कहा कि दोनों 108 एंबुलेंस पहले से मरीज लेकर गई थीं, जिस कारण देरी हुई।

परिजनों ने एंबुलेंस व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद पूरे फतेहपुर कस्बे में शोक की लहर है 
रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.