सावन के द्वितीय सोमवार पर श्री लोधेश्वर महादेवा में उमड़ा आस्था का जनसैलाब

बाराबंकी - रामनगर जनपद के सुप्रसिद्ध तीर्थ स्थल श्री लोधेश्वर महादेवा धाम में सावन माह के द्वितीय सोमवार को आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा। रविवार की देर रात से ही हजारों शिवभक्त जलाभिषेक के लिए मंदिर परिसर में पहुंचने लगे और सोमवार को दोपहर बाद तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ बनी रही। हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से पूरा धाम शिवमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने लंबी कतारों में खड़े होकर भगवान लोधेश्वर महादेव का जलाभिषेक और पूजन-अर्चन किया। दूर-दराज से आए कांवड़ियों और श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ बाबा के दर्शन किए।श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद रहा। मंदिर परिसर से लेकर प्रमुख मार्गों और पार्किंग स्थलों तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिसकर्मी चप्पे-चप्पे पर तैनात रहे और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लगातार निगरानी करते रहे, जिससे जलाभिषेक की व्यवस्था शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संचालित होती रही। मंदिर प्रशासन और स्थानीय स्वयंसेवकों ने भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं। सावन के पावन अवसर पर लोधेश्वर महादेवा धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की यह भीड़ क्षेत्र की अटूट शिवभक्ति और धार्मिक आस्था का जीवंत प्रमाण बनी रही।

रिपोर्टर - नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.