जिला अस्पताल में बड़ा खुलासा: जन औषधि केंद्र पर छापा, बाहरी दवा पकड़ी गई!
बाराबंकी - जिला अस्पताल परिसर में संचालित जन औषधि केंद्र पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब औषधि निरीक्षक की टीम ने अचानक छापेमारी की। जांच के दौरान केंद्र से बाहरी आयुर्वेदिक सिरप बरामद हुई, जो नियमों के विपरीत पाई गई। जानकारी के मुताबिक, जन औषधि केंद्रों पर केवल अधिकृत और निर्धारित दवाओं की बिक्री की अनुमति होती है। लेकिन यहां बाहरी दवाओं का स्टॉक मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं।छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने मौके पर मौजूद अभिलेखों की गहन जांच की और कर्मचारियों से पूछताछ भी की। औषधि निरीक्षक ने बरामद दवाओं को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने साफ किया है कि जन औषधि केंद्रों का उद्देश्य आम जनता को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराना है। ऐसे में किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है और जल्द ही बड़े खुलासे की संभावना जताई जा रही है।
रिपोर्टर - नफीस अहमद
No Previous Comments found.