हेतमापुर धाम से पंचमुखी बालाजी मंदिर तक गूंजा ''बम-बम भोले''
बाराबंकी - सूरतगंज सावन माह के पावन अवसर पर सोमवार को सूरतगंज क्षेत्र में शिवभक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। हेतमापुर धाम से घाघरा (सरयू) नदी का पवित्र जल लेकर सैकड़ों कांवड़ियों ने लगभग 7 किलोमीटर की पदयात्रा करते हुए पंचमुखी बालाजी मंदिर परिसर में स्थापित रामेश्वर महादेव का विधि-विधान से जलाभिषेक किया। महामंडलेश्वर राघव दास जी महाराज के कुशल नेतृत्व में निकली इस भव्य कांवड़ यात्रा में हजारों शिवभक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरी यात्रा के दौरान ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।यात्रा मार्ग में जगह-जगह शिवभक्तों द्वारा कांवड़ियों के लिए जलपान और विश्राम की व्यवस्था की गई। विशेष रूप से लालपुर गांव में शिवभक्त मनीष सोनी द्वारा कांवड़ियों को जलपान कराया गया तथा मंदिर परिसर में भव्य भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।जलाभिषेक कार्यक्रम में अवधेश दास बाबा, गोपाल दास बाबा, प्रधान दिनेश यादव, हरिश मिश्र,प्रेम तिवारी,लवकुश मिश्रा,विजय शुक्ला,अरविंद शुक्ला, ज्ञानू शुक्ला,नरपति सिंह, मनीष सोनी सहित अनेक गणमान्य श्रद्धालु उपस्थित रहे। कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में चौकी प्रभारी लालपुर करौता उपेंद्र सिंह भदोरिया की भूमिका सराहनीय रही। उन्होंने पूरी यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते हुए कांवड़ियों को सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से उनके गंतव्य तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन और आयोजकों के सहयोग की सराहना की।
रिपोर्टर - नफीस अहमद
No Previous Comments found.