हनुमान मंदिर में सुंदरकांड व भजन संध्या का आयोजन भक्तों ने की भव्य आरती
मसौली - बाराबंकी बाबा रामशरण दास भागवत दास कुटी हनुमान मंदिर मसौली में हनुमान जी महाराज का भव्य श्रृंगार कर मंदिर को फूल-मालाओं से सजाया गया। इसके बाद सुंदरकांड पाठ एवं भजन संध्या का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भक्तिरस का आनंद लिया।भजन संध्या का शुभारंभ मंदिर के पुजारी बाबा रामलाल दास ने श्रीराम स्तुति से किया। उन्होंने श्रीरामचंद्र कृपालु भजु मन हरण भव भय दारुणम् का पाठ किया। इसके बाद गणेश वंदना तुम्हें मनाऊं भोग लगाऊं हे गणपति महाराज प्रस्तुत की गई। भजन संध्या में सुंदर है नाम राम का सुमिरन तो कीजिए और हे प्रभु मुझे बता दो चरणों में कैसे आऊं सहित कई भजनों की प्रस्तुति हुई। सावन के अवसर पर सावन की ऋतु है आजा मां हम झूला तुझे झुलाएंगे भजन भी प्रस्तुत किया गया। अंकित वर्मा ने दरबार में बंशी वाले के दुख दर्द मिटाए जाते तथा जो केसरी लाल मेरा छोटा सा ये काम मेरी राम जी से कह देना जय सियाराम जैसे भजनों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। वहीं रजत वर्मा ने बजरंगबली बाबा पार नैया लगा देओ और बजरंगबली के जैसा राम भक्त न हुआ न होगा मतवाला सहित सुंदर भजनों की प्रस्तुति दी।सुंदरकांड पाठ एवं भजन संध्या के समापन के बाद श्रद्धालुओं ने हनुमान जी महाराज की भव्य आरती उतारी। इस दौरान मंदिर परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। आरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस मौके पर मंदिर समिति के अध्यक्ष मोहित वर्मा, चंद्रपाल यादव, रजत वर्मा, दीपक नाग, पंकज वर्मा, शिवा नाग, अशोक कश्यप सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
रिपोर्टर - नफीस अहमद
No Previous Comments found.