फतेहपुर ब्लॉक में करीब 30 हजार रुपये के झंडे तैयार, समूहों को मिला रोजगार

फतेहपुर - बाराबंकी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विकासखंड फतेहपुर में स्वयं सहायता समूहों को तिरंगा झंडों की सिलाई का काम दिया गया। खंड विकास अधिकारी अदिति श्रीवास्तव के निर्देशन में ब्लॉक क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में संचालित स्वयं सहायता समूहों को यह जिम्मेदारी सौंपी गई। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत औरंगाबाद, मिठवारा, रसूलपुर और मिर्जापुर सहित अन्य ग्राम पंचायतों के स्वयं सहायता समूहों ने तिरंगा झंडों की सिलाई का कार्य किया। समूहों को झंडों की सिलाई के लिए निर्धारित दर के अनुसार प्रति झंडा दो रुपये दिए जाने की बात सामने आई है। ब्लॉक स्तर पर समूहों द्वारा तैयार किए गए झंडों की कुल कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई जा रही है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर समूहों को काम मिलने से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार का अवसर मिला। घर के आसपास ही काम मिलने से महिलाओं को अपनी अन्य जिम्मेदारियों के साथ रोजगार से जुड़ने का अवसर भी मिला। तिरंगा सिलाई के कार्य को विकासखंड स्तर पर खंड विकास अधिकारी अदिति श्रीवास्तव, बीएमएम अवनीश कुमार वर्मा, एडीओ आरडी सुनील कुमार नंदा तथा बीएमएम आदित्य मोहन वर्मा की निगरानी एवं अगुवाई में समूहों तक पहुंचाया गया।स्वयं सहायता समूहों को राष्ट्रीय पर्व से जुड़े इस कार्य से जोड़ने को महिला समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत करने की दिशा में पहल माना जा रहा है। समूहों को समय-समय पर इसी तरह के रोजगारपरक कार्य उपलब्ध होने से उनकी आय बढ़ाने में मदद मिल सकती है।

रिपोर्टर - नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.