डीएम ने सीएचसी देवा का किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की परखी हकीकत

बाराबंकी - जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) देवा का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी। डीएम के अचानक पहुंचने से अस्पताल प्रशासन में हलचल मच गई। उन्होंने सबसे पहले उपस्थिति पंजिका देखी और ओपीडी में पहुंचकर मरीजों की संख्या व उन्हें दिए जा रहे उपचार की जानकारी ली। चिकित्सक ने बताया कि करीब 200 मरीजों को देखा जा चुका है।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मरीजों को यथासंभव अस्पताल में उपलब्ध दवाएं ही उपलब्ध कराई जाएं।अस्पताल में दवा उपलब्ध न होने की स्थिति में परिसर स्थित प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र से जेनेरिक दवाएं ही लिखी जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मरीजों को बाहर से दवा खरीदने के लिए मजबूर करना स्वीकार्य नहीं होगा। डीएम ने नवजात बच्चे को दिखाने पहुंचीं प्रीति समेत अन्य मरीजों से सीधे बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं का फीडबैक लिया। इसके बाद एक्स-रे, एएनसी, बाल रोग, स्त्री रोग और पैथोलॉजी कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने जांच में इस्तेमाल होने वाले रिएजेंट का स्टॉक समाप्त होने से पहले मांग व आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वार्ड में भर्ती मो. नाजिर, राममिलन और पूनम से उपचार व सुविधाओं की जानकारी ली। जन्म प्रमाण पत्र जारी करने की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए प्रत्येक नवजात को नियमानुसार प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने को कहा। अस्पताल परिसर में लंबे समय से खड़ी कंडम एम्बुलेंस को लेकर डीएम ने अनुपयोगी सामान का नियमानुसार निस्तारण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अस्पतालों को स्वच्छ, व्यवस्थित और उपयोगी रखा जाए।

रिपोर्टर - नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.