औचक निरीक्षण में प्रधानाध्यापिका अनुपस्थित मिलीं; तबीयत बिगड़ने पर लखनऊ में चल रहा इलाज
बाराबंकी - सूरतगंज तहसील रामनगर क्षेत्र की पर्वत ग्राम पंचायत में बुधवार को एसडीएम आकांक्षा गुप्ता की उपस्थिति में खेल मैदान की पैमाइश कराई गई। इसके साथ ही एसडीएम ने प्राथमिक विद्यालय तुलसीपुर का औचक निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था, बच्चों के बैठने की व्यवस्था और मिड-डे मील की गुणवत्ता का भी जायजा लिया। एक ही दौरे में प्रशासनिक कार्रवाई और शिक्षा व्यवस्था की पड़ताल ने पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना दिया। ग्रामीण दिलीप वर्मा और राम लखन द्वारा खेल मैदान की पैमाइश के लिए दिए गए प्रार्थना पत्र पर संज्ञान लेते हुए राजस्व विभाग की टीम तुलसीपुर मजरे पर्वतपुर पहुंची। यहां गाटा संख्या 240/184 की पैमाइश की गई। जांच में पाया गया कि 136 एयर भूमि पर प्राथमिक विद्यालय स्थित है, जबकि विद्यालय के बगल में राजेंद्र शुक्ला के घर के सामने लगभग 38 एयर भूमि खाली पाई गई। शेष भूमि पर खड़ंजा एवं रिक्त क्षेत्र मौजूद है। राजस्व टीम ने मौके पर त्रिभुजाकार खेल मैदान को चिन्हित किया,जिससे भविष्य में खेल मैदान के विकास का रास्ता साफ माना जा रहा है। पैमाइश के दौरान क्षेत्रीय लेखपाल रवि प्रकाश आर्या,कानूनगो जयशंकर उपाध्याय,नायब तहसीलदार,पुलिस प्रशासन,क्षेत्र पंचायत सदस्य सरोज वर्मा,व सैकड़ो ग्रामिण तथा अन्य राजस्व कर्मी मौजूद रहे।
विद्यालय के औचक निरीक्षण में प्रधानाध्यापिका अनुपस्थित
खेल मैदान की पैमाइश के बाद एसडीएम आकांक्षा गुप्ता ने प्राथमिक विद्यालय तुलसीपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रधानाध्यापिका नीतू श्रीवास्तव अनुपस्थित मिलीं। इस संबंध में खबर लिखे जाने तक दूरभाष पर हुई बातचीत में प्रधानाध्यापिका ने बताया कि सुबह विद्यालय आते समय रास्ते में उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई थी। जिसके बाद उन्हें लखनऊ के एक निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने बच्चों से सीधे बातचीत कर शिक्षा की गुणवत्ता,बैठने की व्यवस्था,मिड-डे मील में मिलने वाले भोजन तथा विद्यालय की अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विद्यालय की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई से एक ओर खेल मैदान के लिए भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया आगे बढ़ी है, वहीं दूसरी ओर विद्यालयों की कार्यप्रणाली पर भी प्रशासन की सख्त निगरानी का स्पष्ट संदेश गया है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार पैमाइश और निरीक्षण की रिपोर्ट तैयार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर - नफीस अहमद
No Previous Comments found.