बाढ़ प्रभावित हेतमापुर में पहुंचे प्रभारी मंत्री सुरेश राही, 500 परिवारों को बांटी राहत किट

बाराबंकी/सूरतगंज : हेतमापुर घाघरा नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। मंगलवार को राज्य मंत्री कारागार एवं बाराबंकी के प्रभारी मंत्री सुरेश राही ने रामनगर तहसील के बाढ़ प्रभावित हेतमापुर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया।प्रभारी मंत्री ने हेतमापुर बाढ़ चौकी और तटबंध का जायजा लिया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा अधिकारियों से बाढ़ की स्थिति, राहत सामग्री, सुरक्षित स्थानों और प्रभावित परिवारों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।

500 परिवारों को वितरित की राहत किट
प्रभारी मंत्री ने हेतमापुर स्थित स्थायी बाढ़ शरणालय में 50 प्रभावित लोगों को राहत सामग्री वितरित की। इसके अलावा कोडरी में 113, सुंदरनगर में 90 और ललपुरवा में 138 परिवारों को राहत किट दी गईं।
राहत किट में 26 प्रकार की सामग्री
बाढ़ प्रभावित परिवारों को दी जा रही राहत किट में 10 किलो आटा, 10 किलो चावल, दो किलो अरहर की दाल, दो किलो चना, तिरपाल सहित कुल 26 प्रकार की आवश्यक सामग्री शामिल है। इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के लिए भूसे की व्यवस्था भी की गई है, जिससे ग्रामीणों को पशुओं के चारे की समस्या का सामना न करना पड़े।
संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर
जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने प्रभारी मंत्री को बाढ़ की मौजूदा स्थिति और प्रशासन की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था भी की गई है। प्रभारी मंत्री ने राजस्व, स्वास्थ्य, पशुपालन सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एमएलसी अंगद सिंह, जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, एसडीएम रामनगर आकांक्षा गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा, पूर्व विधायक रामनगर शरद अवस्थी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष शेखर हयारण, खंड विकास अधिकारी सूरतगंज देवेंद्र प्रताप सिंह, क्षेत्राधिकारी फतेहपुर जगत कनौजिया, थाना प्रभारी मोहम्मदपुर खाला अमित सिंह भदौरिया, प्रभारी जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.