संयुक्त चिकित्सालय की ओपीडी में उमड़ी मरीजों की भीड़, 1035 मरीजों का हुआ उपचार
सिरौलीगौसपुर/बाराबंकी : संयुक्त चिकित्सालय सिरौलीगौसपुर की ओपीडी में मंगलवार को मरीजों की भारी भीड़ उमड़ी। दोपहर 1:20 बजे तक 1035 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर चिकित्सकों ने आवश्यकतानुसार दवाएं वितरित कीं। बड़ी संख्या में मरीज बुखार, हड्डी एवं अन्य मौसमी बीमारियों से पीड़ित पहुंचे। अस्पताल के अधीक्षक डॉ. इकबाल के नेतृत्व में डॉ. गौरव नारायण, डॉ. तथीर फातिमा, डॉ. अविनाश कुमार उपाध्याय, डॉ. धीरेन्द्र पटेल, डॉ. अजीत सिंह, डॉ. हसन सलीम, डॉ. रामकुमार, डॉ. नीरज वर्मा सहित अन्य चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उपचार एवं दवाएं दीं। अस्पताल में उपचार के साथ जांच की सुविधा का भी मरीजों ने लाभ उठाया। 95 मरीजों के डिजिटल एवं मैनुअल एक्स-रे कराए गए, जबकि 295 मरीजों के रक्त की जांच पैथोलॉजी विभाग में की गई। ओपीडी में मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी लगातार मरीजों की जांच और उपचार में जुटे रहे। अस्पताल प्रशासन द्वारा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
रिपोर्टर : नफीस अहमद
No Previous Comments found.