18 वर्षों से फाइलों में अटका हेतमापुर पुल, सैकड़ों ग्रामीणों ने मंत्री सुरेश राही को सौंपा ज्ञापन

बाराबंकी/सूरतगंज : हेतमापुर क्षेत्र में लंबे समय से लंबित पुल निर्माण की मांग को लेकर मंगलवार को  प्रधान प्रशासक प्रतिनिधि अमरीश कुमार अवस्थी ,बसंत मिश्रा और सैकड़ों ग्रामीणों ने बाढ़ प्रभावित हेतमापुर क्षेत्र तटबंध पर पहुंचकर मंत्री सुरेश राही को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि हेतमापुर पुल निर्माण का सपना पिछले 18 वर्षों से फाइलों और आश्वासनों के बीच अटका हुआ है। वर्षों से पुल निर्माण को लेकर लगातार आश्वासन मिलते रहे हैं। लेकिन अभी तक धरातल पर निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। पुल के अभाव में क्षेत्र के लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वर्तमान में घाघरा नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। बाढ़ के दौरान ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं। आवागमन प्रभावित होने के साथ ही लोगों को रोजमर्रा के जरूरी कार्यों के लिए भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ज्ञापन के माध्यम से बसंत मिश्रा, अमरीश कुमार अवस्थी और सैकड़ों ग्रामीणों ने मंत्री सुरेश राही के समक्ष हेतमापुर पुल निर्माण की वर्षों पुरानी मांग को प्रमुखता से रखा। ग्रामीणों ने कहा कि पुल निर्माण को लेकर कई बार आश्वासन मिल चुका है।लेकिन अब जनता आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर निर्माण कार्य शुरू होते देखना चाहती है। ग्रामीणों ने मंत्री से मांग की कि 18 वर्षों से लंबित हेतमापुर पुल की फाइल को शीघ्र आगे बढ़ाकर निर्माण कार्य शुरू कराया जाए, ताकि बाढ़ सहित अन्य परिस्थितियों में क्षेत्रवासियों को आवागमन की समस्या से राहत मिल सके। ग्रामीणों ने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर 18 वर्षों का इंतजार कब खत्म होगा और हेतमापुर पुल का निर्माण कब शुरू होगा? अब क्षेत्र की जनता को शासन-प्रशासन से ठोस कार्रवाई की उम्मीद है।

रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.