रहरामऊ में अन्नपूर्णा भवन का भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा ने फीता काट कर किया उद्धघाटन
मसौली/बाराबंकी : ग्राम पंचायत रहरामऊ में नवनिर्मित अन्नपूर्णा भवन का उद्घाटन भाजपा जिलाध्यक्ष रामसिंह उर्फ भुल्लन वर्मा ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को गिनाया। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि जनता ने कमल पर भरोसा जताया है और कमल का बटन कमाल कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की ताकत वैश्विक स्तर पर बढ़ी है तथा भारतीय सैनिकों ने अपनी वीरता का लोहा मनवाया है। सरकार बिना किसी भेदभाव के गरीबों के लिए काम कर रही है और करीब 80 करोड़ लोगों को निशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों के हित में कई सरकारें आईं लेकिन मोदी सरकार ने किसानों को सम्मान देने का काम किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है तथा गुंडागर्दी और दंगों पर रोक लगी है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने आयुष्मान योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं और अकेले बाराबंकी जिले में एक लाख से अधिक लोगों का इलाज हो चुका है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत करोड़ों गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी ने तीन करोड़ और आवास देने का निर्णय लिया। उज्ज्वला योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 10 करोड़ से अधिक महिलाओं को गैस कनेक्शन देकर उन्हें धुएं से मुक्ति दिलाई गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशवासियों को अपना परिवार मानकर कार्य कर रहे हैं। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सपा शासनकाल में नौकरियां बिकती थीं जबकि वर्तमान सरकार में प्रतिभा के आधार पर रोजगार के अवसर दिए जा रहे हैं। इस मौके पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अनिल कुमार वर्मा, पंचायत सचिव सुधाकर सिंह, कोटेदार सुनील रावत, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष राम लखन रावत, रामविलास यादव, रुपलाल, विजय सिंह, सुखमीलाल, प्रताप, कूदशील, शिवकैलाश, बजरंग, मालिक राम, राम मनोरथ, गुड्डू, सूरजभान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
रिपोर्टर : नफीस अहमद
No Previous Comments found.