एसडीएम ने आधा दर्जन परिषदीय विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण, शिक्षा व्यवस्था परखी
सिरौलीगौसपुर/बाराबंकी : जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में मंगलवार को उपजिलाधिकारी सिरौलीगौसपुर अनिल कुमार सरोज ने सिरौलीगौसपुर व आसपास के करीब आधा दर्जन परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था, साफ-सफाई और विद्यार्थियों को मिल रही मूलभूत सुविधाओं का गहनता से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने कम्पोजिट विद्यालय सिरौलीगौसपुर में उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया। इसके बाद विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से पढ़ाई से संबंधित प्रश्न पूछे और उनकी शैक्षणिक प्रगति का आकलन किया। उन्होंने शिक्षकों से शिक्षण कार्य एवं विद्यार्थियों की प्रगति के संबंध में जानकारी भी ली। एसडीएम ने विद्यालय भवन, कक्षाओं, शौचालय, पेयजल व्यवस्था, फर्नीचर सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। साथ ही मिड-डे मील की गुणवत्ता और वितरण व्यवस्था की भी जांच की। उन्होंने रसोइया से भोजन के निर्धारित मेन्यू और भोजन तैयार करने की प्रक्रिया की जानकारी ली तथा बच्चों से भोजन के स्वाद और मात्रा के बारे में भी पूछा।उपजिलाधिकारी अनिल कुमार सरोज ने शिक्षकों को निर्देशित किया कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा शासन की योजनाओं का लाभ विद्यार्थियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए।
रिपोर्टर : नफीस अहमद
No Previous Comments found.