सरयू नदी में बढ़ा पानी, तहसील प्रशासन अलर्ट मोड पर
सिरौलीगौसपुर /बाराबंकी : सरयू नदी में नेपाल से छोड़े जा रहे लाखों क्यूसेक पानी को देखते हुए तहसील प्रशासन सिरौलीगौसपुर पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।उपजिलाधिकारी अनिल कुमार सरोज के निर्देश पर नायब तहसीलदार आशुतोष उपाध्याय, लेखपाल दीपक नाथ पाण्डेय व नागेन्द्र मौर्या ने एल्गिन-चरसड़ी बांध के समीप बसे पारा बेहटा, मांझा रायपुर, परसावल समेत अन्य गांवों में पहुंचकर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया।उपजिलाधिकारी अनिल कुमार सरोज ने कहारन पुरवा, सनांवा, सिरौलीगुंग सहित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर मौके की स्थिति देखी। उन्होंने बाढ़ चौकियों पर तैनात कर्मचारियों को पूरी सतर्कता बरतने और तहसील बाढ़ कंट्रोल रूम को लगातार स्थिति से अपडेट रखने के निर्देश दिए। नायब तहसीलदार आशुतोष उपाध्याय ने बताया कि गांवों के आसपास बाढ़ का पानी भरा हुआ है। ग्रामीणों की आवाजाही के लिए नावें लगाई गई हैं, हालांकि अभी तक पानी घरों के अंदर नहीं पहुंचा है। बाढ़ राहत चौकी बेहटा पर राजस्व कर्मियों की तैनाती कर दी गई है, जो लगातार बाढ़ की स्थिति पर नजर रख रहे हैं।उपजिलाधिकारी अनिल कुमार सरोज ने बताया कि तहसील क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों में ग्रामीणों की सुविधा एवं राहत कार्यों के लिए 123 नावें लगाई गई हैं। उन्होंने बताया कि अलीनगर-रानीमऊ तटबंध के भीतर बसे गांवों में अभी सरयू नदी का पानी नहीं पहुंचा है। घोल एवं नालों के रास्ते तटबंध की ओर पानी आया है, लेकिन बाढ़ प्रभावित गांवों की सड़कों पर फिलहाल पानी नहीं है। प्रशासन की टीमें लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी कर रही हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
रिपोर्टर : नफीस अहमद
No Previous Comments found.