सूरतगंज-हेतमापुर मार्ग पर जंगल-झाड़ियों का कब्जा, हादसों का बढ़ा खतरा।

बाराबंकी : सूरतगंज से हेतमापुर जाने वाले संपर्क मार्ग के दोनों किनारों पर उगी घनी जंगल-झाड़ियों ने राहगीरों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सड़क की पटरियों पर झाड़ियां फैलने से आवागमन प्रभावित हो रहा है। वहीं सड़क के किनारे साफ दृश्यता न होने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है। जानकारी के अनुसार, हाल ही में लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा सूरतगंज-हेतमापुर संपर्क मार्ग का चौड़ीकरण कार्य कराया गया था। सड़क चौड़ीकरण के दौरान दोनों तरफ लगे पेड़ों को वन विभाग द्वारा कटवाया गया था। हालांकि पेड़ काटे जाने के बाद उनके ठूंठों की पर्याप्त सफाई नहीं की गई।

बरसात के मौसम में इन्हीं ठूंठों से दोबारा कल्ले निकल आए और देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर घनी झाड़ियां फैल गईं। कई स्थानों पर स्थिति ऐसी हो गई है कि सड़क की पटरियां जंगल-झाड़ी का रूप ले चुकी हैं। इससे पैदल चलने वाले लोगों और दोपहिया वाहन चालकों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि झाड़ियों के कारण सामने से आने वाले वाहनों की स्थिति स्पष्ट दिखाई नहीं देती।ऐसे में आमने-सामने वाहन आने पर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लोगों के मुताबिक मार्ग पर आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क के दोनों ओर उगी झाड़ियों की तत्काल साफ-सफाई कराने और पेड़ों के ठूंठों से दोबारा निकल रही कल्लियों की कटाई कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सफाई नहीं कराई गई तो बरसात के साथ झाड़ियां और घनी हो सकती हैं, जिससे भविष्य में कोई बड़ा हादसा होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। अब सवाल यह है कि सड़क चौड़ीकरण के बाद क्या संबंधित विभाग सड़क की पटरियों की साफ-सफाई और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित कराने के लिए कब कदम उठाएगा।
रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.