त्रुटिपूर्ण बिलिंग का प्रतिशत शून्य करने के साथ शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश

बाराबंकी - कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में जिलाधिकारी  ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद में विद्युत आपूर्ति, लो-वोल्टेज, बिलिंग व्यवस्था, उपभोक्ता शिकायतों के निस्तारण तथा मानसून के दृष्टिगत विद्युत सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि इंडस्ट्रियल एरिया सहित जनपद के सभी फीडरों में लो-वोल्टेज की समस्या का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। जिन क्षेत्रों से लगातार लो-वोल्टेज की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, वहां तकनीकी कारणों का परीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर कराई जाए, ताकि उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध हो सके।

उन्होंने विद्युत बिलिंग व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि त्रुटिपूर्ण बिलिंग के प्रतिशत को शून्य किया जाए। बिलिंग से संबंधित प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को सही बिल उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। मीटर रीडिंग अनिवार्य रूप से घर-घर जाकर की जाए तथा बिलिंग में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित की जवाबदेही निर्धारित की जाए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपभोक्ताओं के साथ शिष्ट एवं सकारात्मक व्यवहार किया जाए तथा उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक उपभोक्ता को विद्युत बिल, मीटर रीडिंग, कनेक्शन एवं अन्य विद्युत संबंधी विषयों पर आवश्यक जानकारी सरल एवं सहज रूप से उपलब्ध कराई जाए।

मानसून एवं खराब मौसम के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग की टीमों को पूर्ण सक्रियता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लाइन फॉल्ट, टूटे अथवा जर्जर विद्युत तारों, क्षतिग्रस्त खंभों तथा अन्य तकनीकी समस्याओं का तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जाए और विद्युत आपूर्ति को यथाशीघ्र बहाल किया जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखते हुए विद्युत सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।बैठक में अधीक्षण अभियंता विद्युत श्री भविष्य कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत श्री घनश्याम त्रिपाठी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर - हयातुर्रहमान

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.