बिना मान्यता संचालित कक्षाएं बंद तीन विद्यालयों पर कार्रवाई

मसौली, बाराबंकी :  खंड शिक्षा अधिकारी बंकी चंद्रशेखर यादव ने शुक्रवार को माती क्षेत्र के निजी विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर मान्यता और कक्षाओं के संचालन की स्थिति का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान अमान्य कक्षाओं का संचालन पाए जाने पर उन्हें तत्काल बंद करा दिया गया। साथ ही संबंधित बच्चों को परिषदीय विद्यालयों में नामांकित कराने के निर्देश दिए गए। बी ई ओ ने कल्याणी कॉन्वेंट आरडी मेमोरियल पब्लिक स्कूल और फाइव रोज पब्लिक स्कूल के मान्यता संबंधी अभिलेखों की जांच की। इसके अलावा विद्यालयों में संचालित कक्षाओं और अध्ययनरत विद्यार्थियों का भौतिक सत्यापन भी किया गया। जांच के दौरान फाइव रोज पब्लिक स्कूल और आरडी मेमोरियल पब्लिक स्कूल में मान्यता प्राप्त कक्षाओं के अतिरिक्त अमान्य कक्षाएं संचालित मिलीं। वहीं कल्याणी कॉन्वेंट में भी अमान्य कक्षाओं का संचालन पाया गया। इस पर तीनों विद्यालयों में अमान्य कक्षाओं को तत्काल बंद करा दिया गया। खंड शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर यादव ने विद्यालय संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मान्यता के अनुरूप ही कक्षाओं का संचालन किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों की अनदेखी करने पर संबंधित विद्यालय के विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के बाद निजी विद्यालय संचालकों में हलचल मची हुई है।

रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.