भाकियू की मासिक बैठक में आंदोलन की रणनीति तय, 25 अगस्त को मसौली पावर स्टेशन का घेराव

बाराबंकी :  भारतीय किसान यूनियन की जिला इकाई की मासिक बैठक शुक्रवार को जिलाध्यक्ष हौसिला प्रसाद वर्मा की अध्यक्षता में गोकुल नगर स्थित जिला कार्यालय पर आयोजित हुई। बैठक का संचालन कमलेश कुमार ने किया। जिला महामंत्री रामसेवक रावत ने बैठक का एजेंडा प्रस्तुत किया, जिस पर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने विचार रखे। बैठक में लिए गए निर्णयों को सचिव राधेलाल व मुन्नालाल ने दर्ज किया। बैठक में आगामी 16 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले 15वें सामूहिक विवाह एवं निकाह संस्कार समारोह को लेकर वर-कन्याओं के पंजीकरण की तिथि निर्धारित की गई। पंजीकरण 1 सितंबर से शुरू होकर 30 सितंबर तक जारी रहेगा। इसके अलावा संगठन ने हरित श्रद्धांजलि अभियान को 6 अक्टूबर तक चलाने का निर्णय लिया। किसानों और संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर आंदोलन की रणनीति भी तय की गई।निर्णय के अनुसार 25 अगस्त को मसौली पावर स्टेशन का घेराव तथा 26 अगस्त को बीडीओ कार्यालय हरख का घेराव किया जाएगा। बैठक में देवां थाना परिसर में हरित श्रद्धांजलि अभियान के तहत वृक्षारोपण करने तथा कार्यकर्ता के खिलाफ कथित फर्जी मुकदमा दर्ज किए जाने के विरोध में थाना लोनी कटरा में पंचायत आयोजित करने की अनुमति स्थानीय इकाइयों को दी गई। बैठक में सभी 15 ब्लॉक अध्यक्षों एवं नामित प्रतिनिधियों के अलावा उत्तम सिंह, अनिल वर्मा, राम हर्ष वर्मा, रामकिशोर पटेल, ओम प्रकाश, रामसेवक, राजेश वर्मा (मीडिया प्रभारी) सहित जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी मौजूद रहे।

रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.