बाढ़ प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य विभाग का दवा छिड़काव, एसडीएम ने लिया जायजा

बाराबंकी - सिरौलीगौसपुर बाढ़ प्रभावित गांवों में संक्रमण एवं मच्छरजनित रोगों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिरौलीगौसपुर के अधीक्षक डॉ.आरिफ सिद्दीकी के निर्देश पर स्वास्थ्य कर्मी महेश सहित टीम ने बाढ़ प्रभावित गांव तेलवारी,गिदरापुर,सनांवा,टेपरा,कहारनपुरवा और सरांय सुर्जन में दवा का छिड़काव कराया। रविवार को अलीनगर-रानीमऊ तटबंध के भीतर बसे गांवों में जलभराव के चलते संक्रमण और मच्छरजनित रोगों की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रुके हुए पानी वाले क्षेत्रों में दवा का छिड़काव किया। विभाग के अनुसार,इस अभियान का उद्देश्य मच्छरों के प्रजनन को रोकने के साथ संक्रमण के प्रसार पर प्रभावी नियंत्रण करना है। इधर, उपजिलाधिकारी अनिल कुमार सरोज और नायब तहसीलदार आशुतोष उपाध्याय ने अलीनगर-रानीमऊ तटबंध के भीतर बसे कहारनपुरवा,सनांवा,सिरौली गुंग,भौरीकोल,कोठरी गौरिया, इटहुवा पूरब और तेलवारी सहित विभिन्न गांवों का भ्रमण कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने बाढ़ चौकियों पर तैनात कर्मचारियों को पूरी तरह अलर्ट मोड में रहने और प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उपजिलाधिकारी अनिल कुमार सरोज ने बताया कि सरयू नदी का पानी दांती से नीचे पहुंच गया है। बाढ़ प्रभावित जिन गांवों में पानी पहुंचा था,वहां संक्रमण की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा दवाओं का छिड़काव शुरू करा दिया गया है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

रिपोर्टर - नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.