मानदेय ₹2,000 से बढ़कर ₹3,000, परिधान राशि ₹1,000 और दुर्घटना पर मिलेगा ₹2 लाख तक का बीमा कवर
बाराबंकी - सिरौलीगौसपुर तहसील सिरौलीगौसपुर के पारिजात सभागार में मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत रसोइया सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य अंगद सिंह तथा विशिष्ट अतिथि उपजिलाधिकारी अनिल कुमार सरोज रहे। कार्यक्रम का संयोजन खंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती सुषमा सेंगर ने किया। समारोह में रसोइयों के हित में प्रदेश सरकार द्वारा की गई महत्वपूर्ण घोषणाओं की जानकारी दी गई। बताया गया कि सितंबर माह से रसोइयों का मानदेय ₹2,000 से बढ़ाकर ₹3,000 प्रतिमाह किया जाएगा। वहीं रसोइया परिधान की धनराशि ₹500 से बढ़ाकर ₹1,000 कर दी गई है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के कार्ड का प्रतीकात्मक वितरण तथा दुर्घटना की स्थिति में ₹2 लाख तक के बीमा कवर की जानकारी दी गई। मुख्य अतिथि एमएलसी अंगद सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार बेसिक शिक्षा परिवार के शिक्षकों,शिक्षामित्रों,अनुदेशकों के साथ ही रसोइयों के हितों के लिए भी लगातार कल्याणकारी निर्णय ले रही है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने में रसोइयों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। सरकार उनके सम्मान, स्वास्थ्य सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।एसडीएम अनिल कुमार सरोज ने रसोइयों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनके महत्व पर प्रकाश डाला। खंड शिक्षा अधिकारी सुषमा सेंगर ने सभी रसोइयों को बधाई देते हुए विद्यालयों में पूर्ण मनोयोग और निष्ठा के साथ दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। मंच संचालन अभिषेक सिंह ने किया। कार्यक्रम के दौरान रसोइया रामरती, संगीता और खुशबू समेत कई रसोइयों को मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के कार्ड का प्रतीकात्मक वितरण किया गया। साथ ही बढ़े हुए मानदेय की धनराशि के चेक भी वितरित किए गए। इस अवसर पर एमएलसी प्रतिनिधि अमरेंद्र सिंह ‘बबलू’, मंडल महामंत्री अमित भैया रामजी, नायब तहसीलदार दिनेश पांडेय सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में रसोइया मौजूद रहे। शिक्षक उदय प्रताप सिंह, इरफान अहमद, रकीम अंसारी, सौरभ वर्मा, विजय सिंह यादव, शिवाजी, पूजा देवी सहित अनेक शिक्षक एवं रसोइयों की मौजूदगी रही। सरकार की ओर से मानदेय वृद्धि, परिधान राशि में बढ़ोतरी, कैशलेस चिकित्सा सुविधा और बीमा कवर की घोषणाओं से समारोह में मौजूद रसोइयों में उत्साह और प्रसन्नता का माहौल रहा।
रिपोर्टर - नफीस अहमद
No Previous Comments found.