श्रावण मास का चतुर्थ सोमवार भी सकुशल सम्पन्न, आस्था के साथ दिखी प्रशासन की मुस्तैदी

बाराबंकी,रामनगर : श्रावण मास के चतुर्थ सोमवार के अवसर पर जनपद के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति के बीच पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक का कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न हुआ। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा तथा सुगम आवागमन के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा किए गए समन्वित प्रबंधों का प्रभावी परिणाम देखने को मिला। पूरे दिन प्रमुख मंदिरों एवं कांवड़ मार्गों पर प्रशासन की सतर्क निगरानी बनी रही। लोधेश्वर महादेवा मंदिर में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिलाधिकारी  ईशान प्रताप सिंह एवं पुलिस अधीक्षक  अर्पित विजयवर्गीय ने रविवार रात्रि से ही मौके पर रहकर व्यवस्थाओं की कमान संभाली। दोनों अधिकारियों ने रात्रि से प्रातः तक विभिन्न व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की तथा मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों की मौजूदगी से ड्यूटी पर तैनात टीमों में बेहतर समन्वय एवं त्वरित रिस्पांस सुनिश्चित हुआ। मंदिर में श्रद्धालुओं के प्रवेश, दर्शन एवं निकास के लिए निर्धारित व्यवस्था के साथ कतारों का सुचारु संचालन कराया गया। भीड़ के दबाव वाले स्थानों पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी रखी गई। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, चिकित्सा, स्वच्छता, प्रकाश, मोबाइल शौचालय एवं पार्किंग सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सक्रिय रहीं। कांवड़ यात्रियों की सुरक्षित यात्रा को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। कांवड़ मार्गों पर यातायात एवं सुरक्षा प्रबंधों के साथ विभिन्न स्थानों पर सेवा शिविरों के माध्यम से श्रद्धालुओं को पेयजल, फलाहार एवं आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। मार्गों पर तैनात अधिकारियों एवं पुलिस बल द्वारा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखते हुए श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन को प्राथमिकता दी गई। लोधेश्वर महादेवा मंदिर के साथ-साथ औसानेश्वर महादेव, बुढ़वा बाबा सहित जनपद के अन्य प्रमुख शिवालयों पर भी संबंधित अधिकारियों द्वारा व्यवस्थाओं की निगरानी की गई। मंदिर परिसरों में भीड़ नियंत्रण, यातायात, सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से संबंधित व्यवस्थाएं लगातार सक्रिय रहीं। श्रावण मास के चतुर्थ सोमवार पर जनपद में आस्था और श्रद्धा का वातावरण बना रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के बावजूद प्रशासन द्वारा पूर्व से की गई तैयारियों, विभागीय समन्वय एवं मौके पर तैनात अधिकारियों - कर्मचारियों की सक्रियता के चलते व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित होती रहीं। प्रमुख स्थलों पर भीड़ की स्थिति पर लगातार नजर रखते हुए आवश्यकतानुसार तत्काल व्यवस्थाओं को समायोजित किया गया, जिससे श्रद्धालुओं को बिना किसी व्यवधान के दर्शन एवं जलाभिषेक का अवसर मिला। पूरे आयोजन के दौरान जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की टीमें ग्राउंड पर सक्रिय रहीं। मंदिर परिसरों से लेकर दर्शन मार्गों, कांवड़ पथों, पार्किंग स्थलों एवं प्रमुख चौराहों तक व्यवस्थाओं की निरंतर मॉनिटरिंग की गई। प्रशासन की सतर्कता एवं श्रद्धालुओं के सहयोग से श्रावण मास का चतुर्थ सोमवार शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। श्रावण मास के चतुर्थ सोमवार को शांतिपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न कराने में सहयोग प्रदान करने वाले श्रद्धालुओं, कांवड़ यात्रियों, मंदिर समितियों, सेवा समितियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, स्थानीय नागरिकों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति जिला प्रशासन ने आभार व्यक्त किया।

रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.