बाढ़ प्रभावित 500 परिवारों के बीच पहुंची राहत, जनप्रतिनिधियों ने दिया हरसंभव मदद का भरोसा

सिरौलीगौसपुर/बाराबंकी : सरयू नदी के बढ़े जलस्तर से प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी हैं।सोमवार को विधानसभा दरियाबाद क्षेत्र के तहसील सिरौलीगौसपुर अंतर्गत कोठरी, गौरिया, सूबेदार पुरवा और कलहंसन पुरवा गांवों में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने पहुंचकर बाढ़ प्रभावित करीब 500 परिवारों को राहत सामग्री वितरित की। इस दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया गया। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर आयोजित राहत वितरण कार्यक्रम में प्रभावित परिवारों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई।जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर बाढ़ के कारण उत्पन्न परेशानियों की जानकारी ली। ग्रामीणों ने आवागमन, भोजन, पेयजल सहित रोजमर्रा की आवश्यकताओं से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि आपदा की इस घड़ी में सरकार और प्रशासन उनके साथ खड़ा है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री पहुंचाने के साथ ही आवश्यक व्यवस्थाएं लगातार सुनिश्चित की जा रही हैं। जरूरत के अनुसार प्रत्येक प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और किसी भी परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। राहत वितरण के दौरान ब्लॉक प्रमुख रत्नेश सिंह ‘मिंटू’, वरिष्ठ भाजपा नेता कमलाकांत द्विवेदी, प्रवेश मौर्य, वेद प्रकाश गुप्ता, उत्तम निषाद, उपजिलाधिकारी अनिल कुमार सरोज, नायब तहसीलदार आशुतोष उपाध्याय सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.